Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

महोबा में दलित बेटी के साथ दुराचार पर चुप्पी शर्मनाकः 50 लाख रूपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे सरकार
लालगंज की दलित बेटी की हत्या मामले को लेकर कांग्रेस करेगी न्याय दिलाने के लिये संघर्ष-बृजेश आर्य

बस्ती। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुये पूर्व सांसद कमल किशोर कमाण्डों ने कहा कि भाजपा की सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं है। दलित बेटियों के साथ दुराचार, हत्या मामलों में सरकार और प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। कांग्रेस इन सवालों को लेकर निरन्तर संघर्ष कर रही है।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुये पूर्व सांसद कमल किशोर ने कहा कि महोबा की एक दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया गया बल्कि नरभक्षीय व्यवहार किया गया। सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़िता के घर नहीं पहुँचा, जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीड़िता का दुख साझा करने उसके घर जा रहे थे तो उन्हें रोकने की हर संभव कोशिश की गई मगर वह पीड़िता के घर पहुँचे। पूर्व सांसद कमल किशोर कमाण्डों ने कहा कि पीड़ित परिवार के परिजनों को 50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिया जाय।
कहा कि यह संवेदनहीन सरकार जो खुद तो पीड़िता का दुख साझा करने की संवेदना नहीं रखता वह अजय राय के जाने से इतना व्याकुल हो गया कि पूरे प्रदेश में सरकार की सह पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके इस मानवीय और मार्मिक कार्य के विरोध अजय राय जी खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू हो गए। कार्यकर्ता तो कार्यकर्ता सरकार के मंत्री और विधायक भी आगे आकर प्रदेश अध्यक्ष का विरोध करने लगे। बौखलाई सरकार के नुमांइदों ने अजय राय के खिलाफ उनकी संपत्ति की जांच की मांग की है। बड़ा हास्ययास्पद है कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी यह सरकार और उनके मंत्री और विधायक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहें हैं जबकि उनका सारा सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है। अभी दो दिनों पूर्व ही आगरा नगर निगम ने प्राइवेट बिजली कंपनी टोरेंट का 430 करोड़ रूपये माफ किए हैं, इसके पहले हजारों करोड़ रूपये पूंजीपतियों के माफ कर उनसे भाजपा ने वसूली की है। कांग्रेस यह सिद्ध कर चुकी है काम लो चंदा दो की नीति भाजपा सरकार बना चुकी है तथा ईडी, आयकर के छापों से वसूली की नीति भी भाजपा की बनाई हुई है इससे बड़ा भ्रष्टाचार का उदाहरण भला और क्या हो सकता है? जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश आर्य ने कहा कि लालगंज थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ गांव में दलित बालिका सृष्टि उर्फ परी के साथ दुराचार, हत्या मामले मंें एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मामले का खुलासा न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस दलितों पर हो रहे अत्याचार के सवालों को लेकर आन्दोलन तेज करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से शौकत अली नन्हू, अलीम, जयन्त चौधरी, संदीप श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, राहुल चौधरी, पिन्टू मिश्र, नफीस अहमद, आलोक पाण्डेय, अभिषेक राय गांधी, अनुराग पाण्डेय के साथ कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *