Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। शनिवार को सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, बस्ती के निदेशक हिमांशु सेन ने संदीप सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विद्यालय द्वारा संचालित “यूनिक स्कॉलरशिप योजना” की विस्तृत जानकारी मंत्री जी को प्रदान की गई।
निदेशक मंडल की ओर से बेसिक शिक्षा मंत्री को बताया गया कि विद्यालय कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण करने वाले मेधावी एवं योग्य विद्यार्थियों को विशेष छात्रवृत्ति प्रदान कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से योग्य एवं प्रतिभाशाली छात्रों को आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देना है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिलने पर छात्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
मंत्री संदीप सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएँ शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जब निजी शिक्षण संस्थान भी सामाजिक दायित्व निभाते हुए मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं, तो इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे नवाचार होते रहेंगे।
इस अवसर पर मंत्री जी ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं और कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
विद्यालय प्रबंधन ने मंत्री जी के समय एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही यह संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए ऐसे सकारात्मक प्रयास जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल सके और बस्ती जनपद का नाम रोशन हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *