प्रयागराज प्रयागराज के मदरसे पर बुलडोजर एक्शन होगा। प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए, मदरसा की 3 मंजिला इमारत बनाई गई। अब तक 2700 स्क्वायर फीट में अवैध निर्माण भी मिले हैं। प्राधिकरण ने मदरसा कमेटी को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, जवाब मिलने के बाद अवैध निर्माणों को ढहाया जाएगा।
आईबी की छापे के बाद मौलवी के कमरे से ऐसे दस्तावेज मिले जिससे ये साबित हो रहा था कि वह मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों का ब्रेनवाश करता था। जांच एजेंसियों के इनपुट के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण भी एक्टिव हुआ। यह मदरसा शहर के सबसे पॉश इलाकों में शामिल अतरसुइया में है। एरिया करीब 1.5 बीघा है। जब प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। इससे 30 मिनट पहले प्रयागराज पुलिस परिसर को सील करा चुकी थी। प्राधिकरण ने भी अवैध निर्माण का बैनर लगा दिया।
विशेष कार्याधिकारी संजीव उपाध्याय के अनुसार मदरसा कमेटी को अब बताना होगा कि निर्माण कैसे और कब-कब कराया गया। कमेटी पदाधिकारियों से जवाब मिलने के बाद परिसर की पैमाइश करवाई जाएगी। इतना तो तय है कि मदरसा की अवैध 3 मंजिला इमारत को ढहाने की कार्रवाई होगी। सोर्स के मुताबिक, मदरसा कमेटी ने पीडीए अधिकारियों से कुछ समय मांगा है, ताकि नोटिस का जवाब दिया जा सके।
मदरसा जामिया हबीबिया मस्जिद-ए-आजम डॉक्टर पांडेय चौराहा के करीब है। रोड से बिल्कुल करीब यह मदरसा शहर के पॉश इलाके में है। कीमत का अंदाजा ऐसे लगा सकते हैं कि मदरसे से सटा 100 वर्ग गज का मकान 1 करोड़ कीमत का है। ऐसे में मदरसे की कीमत करीब 100 करोड़ की है।
