Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। ज्येष्ठ मास के सातवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर शहर के गुरु गोविंद चौक स्थित शिव मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला। वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश अरोरा के संयोजन में आयोजित विशाल भंडारे एवं दिव्य झांकी कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कानपुर से आये सन्नी एंड कंपनी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई मनोहारी धार्मिक झांकियां रहीं। कलाकारों ने हनुमान जी, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण तथा कृष्ण-सुदामा के प्रसंगों का जीवंत मंचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकियों के दौरान पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने देर रात तक धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश अरोरा ने बताया कि बड़े मंगलवार के अवसर पर इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विगत कई वर्षों से निरंतर आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जयप्रकाश अरोरा, पवन मल्होत्रा, मुकेश, तरुण असीजा, विनोद सचदेवा, कुलदीप, विनय पाण्डेय, राजमणि पाण्डेय, अजय पाण्डेय, हिमांशु सेन, विशाल, कविश अरोरा, सुदर्शन, रौनक, बबलू सरदार, साहब सिंह चिंटू, सन्नी, अब्दुल्ला अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं महिलाओं में विमल अरोरा, शशि अरोरा, लक्ष्मी अरोरा, दामन, परवेश, चाँदनी, अंकिता, आसना, ज्योति, दीपिका और सोनाली समेत सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सहभागिता से परिपूर्ण यह आयोजन जनपद के बड़े मंगलवार समारोहों में विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *