बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कायस्थ सेवा ट्रस्ट द्वारा श्री चित्रगुप्त मंदिर के सभागार में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन मंडल सचिव कुलदीप श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष सुजीत श्रीवास्तव “आदर्श” ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।
इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Ageing) को आत्मसात करते हुए प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कायस्थ सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के कारण आज योग विश्व के कोने-कोने तक पहुंच चुका है और करोड़ों लोगों की जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को शांत, विचारों को सकारात्मक और जीवन को अनुशासित बनाने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल रोगों से दूर रह सकता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत और आत्मविश्वासी बन सकता है।
मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, जागरूक और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की वह विरासत है, जो संपूर्ण मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाती है। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी भी योग के महत्व को समझे और इसे अपने जीवन में अपनाए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुजीत श्रीवास्तव आदर्श ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।”
योग कार्यक्रम का समापन राष्ट्र कल्याण, स्वस्थ समाज और मानवता के मंगल की कामना के साथ किया गया।
योगा शिक्षक विजय कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग हमें तनावमुक्त रहने, सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक दिनेश कुमार श्रीवास्तव मास्टर साहब, सर्वेश श्रीवास्तव, डॉक्टर जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव गोला, अजय कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष दुर्गेंद्र बहादुर, वरिष्ठ पदाधिकारी नितेश श्रीवास्तव व दुर्गेश श्रीवास्तव, सलाहकार समिति के सदस्य अनिल कुमार श्रीवास्तव, संत कबीर नगर के प्रभारी प्रकाश मोहन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव, मंडल महामंत्री आलोक श्रीवास्तव, मंडल उपाध्यक्ष संजीव कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणदीप माथुर, जिला संगठन मंत्री नितेश श्रीवास्तव, सचिव अभिषेक श्रीवास्तव, वार्ड अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, वार्ड अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।