बस्ती। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को कुदरहा ब्लॉक परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए उपहार वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राज किशोर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कुदरहा ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे, पूर्व राज्य मंत्री बृज किशोर सिंह ‘डिम्पल’ सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में राज किशोर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें उपहार वितरित किए गए। उपस्थित जनसमूह ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की सराहना करते हुए उनके व्यापक प्रभाव पर चर्चा की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, लाभार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, जनभागीदारी और विकास के संकल्प से ओतप्रोत रहा।