बस्ती। शहर के महारानी होटल में विधानसभा बस्ती सदर के भावी प्रत्याशी डॉ. सचिन श्रीवास्तव द्वारा आयोजित क्रिएटर सम्मान समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और उपस्थित अतिथियों एवं क्रिएटरों का स्वागत किया।
समारोह में जिले के विभिन्न सोशल मीडिया क्रिएटर, डिजिटल कंटेंट निर्माता और युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्रिएटर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंटेंट क्रिएटर समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को पहचान और सम्मान मिलना चाहिए, जिससे वे और अधिक उत्साह के साथ समाजहित में कार्य कर सकें।
सम्मान प्राप्त करते समय कई क्रिएटर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यों को पहली बार इतने बड़े मंच पर सम्मान मिला है, जिससे उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त हुई है। क्रिएटरों ने इस पहल के लिए डॉ. सचिन श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित क्रिएटरों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उनके कार्यों को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
समारोह का समापन सभी सम्मानित क्रिएटरों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।