बस्ती। जनपद का प्रतिष्ठित संस्थान यूनीक साइंस एकेडमी रौता चौराहा बस्ती में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए अंक पत्र वितरण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रेसिडेंट सुनील कुमार श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति से कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्राइमरी वर्ग के बच्चों को परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं उत्तम व्यवहार के लिए भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्रा अंशिका वरनवाल ने गणित विषय के ओलंपियाड में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, गुरुजनों एवं अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया। इसके अलावा विभिन्न विषयों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले अनेक छात्र-छात्राओं को विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा मेडल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अंक पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किए, जबकि द्वितीय पुरस्कार विजेताओं को विद्यालय के प्रेसिडेंट सुनील कुमार श्रीवास्तव द्वारा सम्मानित किया गया। तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सीनियर इंचार्ज शालिनी श्रीवास्तव ने अंक पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया। अधिकतम उपस्थिति, स्वच्छता एवं श्रेष्ठ आचरण के लिए भी बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। कहा कि हमारा उद्देश्य केवल अंक दिलाना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, स्वच्छता और अच्छे संस्कार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अंशिका बरनवाल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव की बात है। हम सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं और अभिभावकों का भी आभार व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग से यह सफलता संभव हुई है। प्रतीक चिन्ह एवं मेडल प्राप्त कर छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से शोभा पांडेय, अंकित पांडेय, श्वेता उपाध्याय, अमरदीप, शाहबाज, बिंदुसार सिंह, मानसी सिंह, अंशू उपाध्याय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।