Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

संस्थापक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में चल रहा अभियान, अब तक 700 महिलाओं को मिल चुका है लाभ

बस्ती। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पहल संस्था द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकास खंड बनकटी के रौतापर गांव में जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा की प्रेरणा और मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है।
कार्यक्रम के दौरान जेडी मिश्रा ने बताया कि पहल संस्था ने बस्ती की बहनों को आत्मनिर्भर बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे लगातार जमीन पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में रौतापर गांव में सिलाई मशीनों का वितरण किया गया, ताकि महिलाएं घर बैठे रोजगार शुरू कर सकें और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।
उन्होंने बताया कि अब तक संस्था की ओर से 700 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में जिले के अन्य गांवों एवं विभिन्न ब्लॉकों में भी चरणबद्ध तरीके से जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
जेडी मिश्रा ने कहा कि पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना है। संस्था की पूरी टीम इसी लक्ष्य के साथ गांव-गांव पहुंचकर पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने में जुटी हुई है।
उन्होंने सिलाई मशीन प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन बहनों को अभी मशीन नहीं मिल सकी है, वे धैर्य बनाए रखें। अगले 5 से 10 दिनों में शेष पात्र महिलाओं तक भी चरणबद्ध ढंग से सिलाई मशीनें पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पहल संस्था के इस सामाजिक अभियान की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *