लखनऊ। प्रदेश में तैनात IAS, ISF, IPS व PCS अधिकारियों को अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा मानव संपदा पोर्टल पर नहीं देना होगा। कारण हैं कि इनके लिए पहले से स्पैरो (स्मार्ट परफार्मेंस अप्रेजल रिपोर्ट रिकार्डिंग आनलाइन विंडो) पोर्टल है।
सभी को सिर्फ स्पैरो पोर्टल पर ही संपत्ति की जानकारी देनी है। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) के माध्यम से स्पैरो को मानव संपदा पोर्टल से जोड़ा जाएगा ।
कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव एम देवराज की ओर से शुक्रवार को सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व विभागाध्यक्षों को आदेश जारी कर कहा गया है कि IAS, PCS, IPS व ISF को छोड़कर बाकी अधिकारी व कर्मचारी मानव संपदा पोर्टल पर अपनी चल व अचल संपत्ति का ब्योरा भरेंगे।
शनिवार को पोर्टल पर संपत्ति का ब्योरा देने का अंतिम दिन है। रात 12 बजे तक संपत्ति का ब्योरा न देने वाले राज्यकर्मियों को अगस्त का वेतन नहीं मिलेगा ।
8.43 लाख राज्यकर्मियों में से शुक्रवार तक 4.93 लाख कार्मिकों ने ही मानव संपदा पोर्टल पर अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। लगभग 1.45 लाख ने शुक्रवार को ही जानकारी दी है।
