Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। श्रीकृष्णा मिशन हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर मरीज को नया जीवनदान दिया। गौर विकास क्षेत्र के पतिला निवासी संदीप कुमार पित्त की थैली (गॉलब्लैडर) में पथरी की समस्या से पीड़ित थे। जांच के दौरान चिकित्सकों को पता चला कि उनके शरीर के आंतरिक अंग सामान्य स्थिति के विपरीत दिशा में स्थित हैं, जिसे चिकित्सा विज्ञान में एक दुर्लभ स्थिति माना जाता है। इस असामान्य शारीरिक संरचना के कारण ऑपरेशन चिकित्सकों के लिए चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद श्रीकृष्णा मिशन हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने दूरबीन विधि (लेप्रोस्कोपिक सर्जरी) से सफलतापूर्वक पित्त की थैली का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है और वह तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहा है। इस जटिल सर्जरी को वरिष्ठ सर्जन डॉ. नवीन मौर्य तथा एमडी एनेस्थीसिया डॉ. असरार अहमद की टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। हॉस्पिटल के चेयरमैन बसन्त चौधरी ने बताया कि संस्थान की स्थापना जिस उद्देश्य से की गई थी, उसे चिकित्सकों की समर्पित टीम निरंतर साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और विशेषज्ञता का प्रमाण है तथा भविष्य में भी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *