बस्ती – जनपद के नवनिर्मित नगर पंचायत गनेशपुर के विकास, सुशासन और जनहित के संकल्प को गति देने के लिए नवनिर्मित नगर पंचायत कार्यालय का भव्य लोकार्पण संपन्न हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी और विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सोनमती मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से विधि-विधान से फीता काटकर नए कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि यह नया कार्यालय गनेशपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का मुख्य केंद्र बनेगा। विशिष्ट अतिथि और अध्यक्ष सोनमती ने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य गनेशपुर को एक आदर्श नगर पंचायत बनाना है।यह कार्यालय पूरी तरह से पारदर्शिता, ईमानदारी और बेहतर जनसेवा की भावना के साथ काम करेगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और आसानी से जनता तक पहुंच सके। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने जरूरी कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस उद्घाटन समारोह में भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सम्मानित नगरवासी मौजूद रहे।