Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। जनपद में स्वास्थ्य सेवा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जीडी गोयनका हेल्थकेयर एकेडमी का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर हर्रैया विधायक अजय सिंह के पुत्र यशोवर्धन सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जिले के युवाओं के लिए नए अवसर के द्वार खोल दिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमिश्नर अखिलेश कुमार सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईजी संजीव त्यागी एवं सीईओ मोहित मेहरा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कमिश्नर बस्ती अखिलेश कुमार सिंह व
डीआईजी संजीव त्यागी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एकेडमी का उद्घाटन किया।
मुख्य अतिथि अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि बस्ती जैसे जनपद में आधुनिक स्वास्थ्य शिक्षा संस्थान की स्थापना युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एकेडमी न केवल रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत बनाएगी।
वहीं जीडी गोयनका हेल्थकेयर के सीईओ मोहित मेहरा ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसे कुशल स्वास्थ्य कर्मियों को तैयार करना है जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। उन्होंने कहा कि एकेडमी में प्रैक्टिकल नॉलेज, स्किल डेवलपमेंट और इंडस्ट्री-आधारित प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक यशोवर्धन सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का स्वागत करते हुए कहा कि यह अकादमी बस्ती के युवाओं को उनके सपनों को साकार करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर करियर को आकार दे रहे हैं और आने वाले कल का निर्माण कर रहे हैं।”
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व विधायक संजय जायसवाल, दयाराम चौधरी, ऐश्वर्य प्रताप सिंह, दिवाकर मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय सिंह गौतम, पूर्व ब्लाक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डा. रोली सिंह,सत्येंद्र बहादुर पाल पिंकू, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश शुक्ला, विधायक प्रतिनिधि पं.सरोज मिश्र, दिनेश पाल, अमर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के समग्र विकास के लिए अहम कदम बताया।
एकेडमी में विभिन्न हेल्थकेयर कोर्स जैसे रेडियोलॉजिस्ट, एक्स-रे, ईसीजी, कार्डियक केयर, डायलिसिस, ब्लड बैंक, मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है जिससे छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल सके। इससे न केवल बस्ती, बल्कि आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, जीडी गोयनका हेल्थकेयर एकेडमी का उद्घाटन बस्ती में स्वास्थ्य शिक्षा और युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले समय में यह संस्थान जिले को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य योगेश शुक्ला ने किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *