Spread the love

बस्ती। जनपद में रसोई गैस (एलपीजी) की बढ़ती किल्लत को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी चिंता जतानी शुरू कर दी है। क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने जिलाधिकारी बस्ती को पत्र लिखकर गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में जनपद बस्ती में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से मांगलिक एवं धार्मिक आयोजनों जैसे शादी-विवाह,निकाह, भागवत ,कथा, भंडारा आदि में समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने से कार्यक्रमों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।

उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए अनुरोध किया है कि ऐसे विशेष अवसरों पर प्राथमिकता के आधार पर रसोई गैस सिलेंडरों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

विधायक ने कहा कि उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाएगा और जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *