बस्ती जनपद!जगदीश भवन, पुराना डाकखाना स्थित फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव “सिम्फनी ऑफ कल्चर” का भव्य आयोजन पंडित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी (आईएएस) श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना रहीं। उनके साथ आईएएस राहुल पांडेय, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती तथा अन्य गणमान्य अतिथिगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन नंदलाल अग्रवाल, ट्रस्टी आशा अग्रवाल, निदेशक रश्मि अग्रवाल, श्री मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की थीम “सिम्फनी ऑफ कल्चर” के अंतर्गत बच्चों ने भारत सहित विश्व की विभिन्न संस्कृतियों की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। नन्हे बच्चों ने अमेरिका, अफ्रीका, चीन, ब्राज़ील, मैक्सिको, स्पेन तथा भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कई प्रस्तुतियाँ बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों जैसे “हवा हवाई” और “सेनोरिटा” पर आधारित थीं। बच्चों ने विभिन्न देशों की पारंपरिक वेशभूषा और प्रॉप्स का प्रयोग किया, जैसे चीन की प्रस्तुति में पंखे और ड्रैगन तथा मैक्सिको की प्रस्तुति में पारंपरिक बड़ी टोपी, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया और “विविधता में एकता” का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि बच्चों ने केवल नृत्य ही नहीं किया, बल्कि अभिनय के माध्यम से भी कार्यक्रम को जीवंत बनाया। कुछ बच्चों ने माता-पिता की भूमिका निभाई, तो कुछ बच्चों ने स्वयं बच्चों की भूमिका निभाते हुए मंच पर संवाद और अभिनय के माध्यम से दर्शकों को यह बताया कि अब वे किस देश, विदेश या प्रदेश की संस्कृति में प्रवेश करने वाले हैं।
इसके साथ ही बच्चों ने पूरे कार्यक्रम को स्वयं होस्ट भी किया और मंच से एंकरिंग भी की, जो इतनी कम आयु में उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा का अद्भुत उदाहरण था।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा ताइक्वांडो की भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसमें टाइल्स ब्रेकिंग का प्रदर्शन करते हुए यह संदेश दिया गया कि ताइक्वांडो लड़ाई नहीं बल्कि आत्मरक्षा और आत्मविश्वास सिखाता है। इस प्रस्तुति का मार्गदर्शन ताइक्वांडो प्रशिक्षक श्री आशुतोष सिंह ने किया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्देशन डांस गुरु श्री अश्वनी राज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रेजुएशन सेरेमनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय की अंतिम कक्षा पीपी-2 (यूकेजी) के बच्चों को औपचारिक रूप से ग्रेजुएट किया गया। बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। इस भावनात्मक क्षण में अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी (आईएएस) श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने विद्यालय की सराहना करते हुए अभिभावकों को बताया कि उनका पुत्र देवशीश भी इसी विद्यालय में पढ़ता है। उन्होंने कहा कि उन्हें अत्यंत खुशी है कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण और विविध प्रकार के विकास पर विशेष ध्यान देता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महोदया ने विद्यार्थियों को ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उनका पूरा परिवार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में बस्ती के सोशल मीडिया के छह प्रमुख इन्फ्लुएंसर्स—आशीष चौहान (Ashu), पूर्वी दुबे, श्याम चौधरी, मनीष कुमार, संतोष चैलेंज तथा अभिषेक शर्मा—के साथ विद्यालय की शिक्षिकाएँ सायमा खातून, हिफ्सा जगी, अनुपमा विश्वकर्मा, नित्या श्रीवास्तव, संगीता श्रीवास्तव, आयुष्का, शाल्वी, सीमा एवं अन्य स्टाफ को सम्मानित किया गया। वहीं देवशीश, याना, अनुशिया, नैमत, रभजोत, त्रिशा, अनंत, यशिका सहित कई बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
रंगारंग प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक विविधता और बच्चों के आत्मविश्वास से भरपूर प्रदर्शन के साथ यह वार्षिकोत्सव सभी के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक आयोजन बन गया।