उर्मिला एजूकेशनल एकेडमी में बसंत पंचमी का भव्य आयोजन, मां सरस्वती की आराधना के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
बस्ती। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान उर्मिला एजूकेशनल एकेडमी में आज बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर मां सरस्वती के जयकारों, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हो उठा। पीले पुष्पों, आकर्षक सजावट और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे विद्यालय को ज्ञान, साधना और संस्कार के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक धीरेंद्र शुक्ल, प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल एवं डॉ. राजन शुक्ला द्वारा मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पूजन का संपूर्ण विधान विद्वान पंडित श्री संकर्षण द्विवेदी जी के सानिध्य में संपन्न हुआ। उन्होंने वैदिक ऋचाओं और मंत्रों के साथ मां सरस्वती का आह्वान करते हुए विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के जीवन में विद्या, विवेक और वैभव की कामना की।
इस पावन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। बच्चों के चेहरों पर श्रद्धा और उत्साह साफ झलक रहा था।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए विशेष रूप से कक्षा 10 एवं 12 के बोर्ड परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे भीतर की चेतना और ज्ञान को जाग्रत करने का उत्सव है। यह समय आत्ममंथन, परिश्रम और लक्ष्य पर केंद्रित रहने का है। बोर्ड परीक्षा कोई बाधा नहीं, बल्कि आपकी प्रतिभा को सिद्ध करने का स्वर्णिम अवसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सूत्र बताते हुए कहा कि आपकी मेहनत में वह शक्ति है जो आपके भविष्य की लकीरें बदल सकती है। मां सरस्वती का आशीर्वाद उन्हीं को प्राप्त होता है जो परिश्रम को अपना धर्म मानते हैं। लक्ष्य पर गिद्ध जैसी पैनी दृष्टि रखें, समय के एक-एक क्षण को कीमती समझें और हार के डर को अपने मन से निकाल दें। उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामनाएं हैं कि आप केवल अच्छे अंक ही न लाएं, बल्कि अपने ज्ञान, संस्कार और आचरण से उर्मिला एजूकेशनल एकेडमी और अपने माता-पिता का नाम पूरे देश में रोशन करें।
पूजन उपरांत विद्यालय परिसर में भव्य हवन का आयोजन किया गया। पंडित संकर्षण द्विवेदी के निर्देशन में प्रबंधकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विधिवत आहुतियां दीं। इस यज्ञ में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उनके सर्वांगीण विकास तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता की विशेष कामना की गई। हवन के दौरान मंत्रोच्चार से वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बसंत गुप्ता, राकेश पाण्डेय, संतोष सिंह, श्रवण चौधरी, अभिनव प्रकाश पाण्डेय, मनोज मिश्रा, राजेश पाण्डेय, संजय प्रजापति, सुधांशु सर, अमन मिश्रा, शैलेन्द्र तिवारी, श्यामा, सुजाता, पूनम, अर्चना, नम्रता, ममता, निष्ठा मणि, खुशबू श्रीवस्तव, आंचल सिंह, श्रीमती रंजना यादव, मधु कन्नौजिया, सतनाम कौर, अंजू मिश्रा एवं मिनाक्षी मिश्रा सहित समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।