Spread the love

 

बशिष्ठ पाण्डेय

पिपरा गौतम क्षेत्र में हुआ रोमांचक फाइनल, विजेता टीम को मिला 15 हजार का नकद पुरस्कार व स्मृति चिन्ह

बस्ती। पिपरा गौतम क्षेत्र में आयोजित बाबा बासुदेव युवा क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। इस टूर्नामेंट में क्षेत्रीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए केजीएन टीम ने फाइनल मैच में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विजेता केजीएन टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये की नकद धनराशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फाइनल मैच के दौरान मैदान पर रोमांच अपने चरम पर था, हर ओवर में दर्शकों की धड़कनें तेज होती रहीं।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि कपिलदेव सिंह उर्फ मम्मू सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट आज देश का सबसे लोकप्रिय खेल बन चुका है, जो महानगरों से लेकर गांव और गलियों तक युवाओं को जोड़ रहा है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए उपविजेता टीम को और अधिक मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मम्मू सिंह ने कहा कि पिपरा गौतम जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी आने वाले समय में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं, इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और आने वाले समय में यही खिलाड़ी देश-विदेश में अपना परचम लहराएंगे।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
आयोजन समिति में मुकुल सिंह, सुजीत सिंह, गोपाल गुप्ता, रोहन उपाध्याय, गुड्डू, अश्वनी, सर्वजीत, सचिन, राजन सिंह, वीरेंद्र, शिवकुमार, सूरज सिंह, अनुभव सिंह एवं अमन शर्मा शामिल रहे। अंपायर की भूमिका विशाल सिंह एवं कुंदन सिंह ने निभाई। समापन अवसर पर रवि गुप्ता, राजकुमार, कमेटी सदस्य राजन, श्याम, नागेन्द्र बहादुर सिंह एवं मुकेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विजेता व उपविजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *