Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने डैक फर्नीचर का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया।
डैक फर्नीचर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण दानिश आज़ाद अंसारी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर बड़ा बयान दिया। राज्य मंत्री ने कहा कि कानपुर में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखने को लेकर किसी भी थाने में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को लेकर कुछ लोग जानबूझकर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक तनाव का माहौल बनाया जा रहा है।
दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि कुछ लोग झूठी बातें फैलाकर समाज को गुमराह करने में लगे हैं। कानपुर में जिस तरह की खबरें सोशल मीडिया पर फैलाई गईं, वे पूरी तरह निराधार हैं। किसी ने भी इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत या एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।”
मंत्री ने बरेली में हुई हालिया घटना पर भी प्रतिक्रिया दी और उसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बरेली में हमारे ही समाज के कुछ लोगों को बरगलाकर सड़कों पर उतारा गया, जो पूरी तरह गलत था। किसी भी मतभेद को सड़क पर उतरकर हल नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का एक मर्यादित और सही तरीका होना चाहिए।”
दानिश आज़ाद ने कहा कि हर मुसलमान अपने नबी और रसूल से मोहब्बत करता है, लेकिन उस मोहब्बत को व्यक्त करने के लिए गलत रास्ता अपनाना ठीक नहीं। जब कानपुर में ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं, तो विरोध का कोई औचित्य नहीं है।
उन्होंने समाज से अपील की कि लोग अफवाहों से बचें और किसी भी भ्रामक खबर पर बिना जांच के भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि सरकार हर समुदाय की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने डैक फर्नीचर के मालिक और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने बस्ती में अपनी नई शाखा की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए यह पहल सराहनीय है।
कहा कि डैक फर्नीचर उत्तर प्रदेश का एक तेजी से उभरता हुआ ब्रांड है, जिसकी ब्रांच बस्ती, गोरखपुर और लखनऊ सहित कई अन्य जिलों में भी है। कंपनी ने अपने काम की गुणवत्ता और आधुनिक डिज़ाइन के कारण प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों और विदेशों तक अपनी पहचान बनाई है। डैक फर्नीचर के उत्पादों की सप्लाई भारत के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों में भी की जाती है, जिससे यह क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का भी बड़ा माध्यम बन गया है।इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो० आलम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे।
इस मौके पर दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए समर्पित है, और ऐसे निजी उद्योग राज्य की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *