Spread the love
अम्बेडकर नगर।जिला स्तरीय बालक फुटबाल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, अम्बेडकरनगर द्वारा दिनांक 25 सितम्बर, 2024 को बालक वर्ग में जिला स्तरीय फुटबाल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला स्तरीय बालक फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन गुरूकुल एकेडमी, अम्बेडकरनगर में किया गया। फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारम्भ गुरूकुल एकेडमी की प्राचार्य सुश्री निधि सिंह जी द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल छः टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के पहले मैच में भीटी ने 3-1 से कटेहरी टाइगर्स को हराया। दूसरे मैच में इलेवन स्टार ने 1-0 से रायल फुटबाल को हराया। उसके बाद पहले सेमी फाइनल मैच में एकलव्य स्टेडियम ने भीटी टीम को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में गुरूकुल एकेडमी ने इलेवन स्टार को 6-1 से हराकर को फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच एकलव्य स्टेडियम एवं गुरूकुल एकेडमी के बीच खेला गया। जिसमें एकलव्य स्टेडियम ने गुरूकुल एकेडमी को 3-2 के कड़े अन्तर से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। फुटबाल प्रतियोगिता का संचालन फुटबाल प्रशिक्षक देशपाल सिंह द्वारा किया गया।जिला स्तरीय बालक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन एकलव्य स्टेडियम, अम्बेडकरनगर में किया गया। कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन क्रीड़ाधिकारी श्रीमती शीला भट्टाचार्या, जिला कुश्ती संघ के सचिव सैफ अहमद बेग, खेलो इण्डिया स्कूल गेम्स के कुश्ती कोच फसील अहमद बेग द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। स्वागत के क्रम में कुश्ती प्रशिक्षक अभिषेक उपाध्याय द्वारा क्रीड़ाधिकारी को बुके भेंट कर एवं फुटबाल प्रशिक्षक देशपाल सिंह द्वारा कुश्ती सचिव, वीरेन्द्र कुमार निषाद द्वारा कुश्ती कोच खेलो इण्डिया गेम्स को बैच लगाकर स्वागत किया गया। 45 किग्रा0 भार वर्ग में दुर्गेश ने प्रथम, सौरभ ने द्वितीय एवं रामअवतार व शुभम यादव ने तृतीय स्थान, 50 किग्रा0 भारवर्ग में सूरज ने प्रथम, बहलोल अहमद ने द्वितीय एवं हर्ष व अहीम ने तृतीय स्थान, 55 किग्रा0 भार वर्ग में विजय ने प्रथम, अमित कुमार ने द्वितीय एवं नीरज व राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुश्ती प्रतियोगिता का संचालन कुश्ती प्रशिक्षक अभिषेक उपाध्याय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अनुपम प्रजापति, कनिष्ठ सहायक, वीरेन्द्र कुमार निषाद जीवन रक्षक एवं समस्त प्रशिक्षक देशपाल सिंह, अदनान अहमद, सत्यम सिंह, अमित चौरसिया, अभिषेक उपाध्याय, सुमेधा यादव एवं अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के अन्त में क्रीड़ाधिकारी द्वारा उपस्थित सभी खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही क्रीड़ाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि कल दिनांक 26 सितम्बर, 2024 को जूडो, हैण्डबाल, हॉकी एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *