Spread the love

मंदसौर । नाहरगढ़ में शिवना नदी पर बने बिल्लोद पुल को पार करते समय बाइक सवार दंपती और दो बच्चे नदी में बह गए। इनमें एक बच्चे की उम्र महज 4 महीने थी। इन्हें बचाने दो युवक कूदे तो वे भी डूब गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह एक बच्ची और एक युवक को बचा लिया है। वहीं, गोताखोरों की मदद से महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है।
महिला के पति और बचाने वाले एक युवक की तलाश की जा रही है। पुल के ऊपर से अब भी पानी बह रहा है। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे का बताया जा रहा है।
मंदसौर ग्रामीण एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि डूंगर सिंह (37) सीतामऊ तहसील के मोरखेड़ा गांव का रहने वाला है। वो अपनी पत्नी संगीता (35), बेटी यतिका (12) और एक 4 महीने के बेटे को बाइक से लेकर कहीं जा रहा था। पुल पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।
उनको बचाने के लिए दो युवकों ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन बहाव इतना तेज था कि बचाने के लिए कूदे व्यक्ति भी डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह एक बच्ची यतिका और एक अन्य युवक को बचा लिया। मौके पर गोताखोर भी बुलाए गए। करीब एक घंटे की तलाशी के बाद संगीता और उसके 4 माह के बेटे का शव मिला। वहीं, डूंगर सिंह और बचाने के लिए कूदे बबलू की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक डूंगर सिंह पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से पुल पार कर रहा था। बाइक की टंकी पर बैग रखा था। पीछे 12 साल की बेटी और पत्नी बैठी थी, पत्नी की गोद में 4 महीने का बच्चा था। पुल पर तेज पानी बह रहा था। लोगों ने डूंगर सिंह को पुल पार करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना और पुल पार करने लगा।
पुल के बीच पहुंचने पर टंकी पर रखा बड़ा बैग गिरने लगा। जिसे पत्नी ने एक हाथ से पकडऩे की कोशिश की। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ा और बाइक सहित पूरा परिवार पुल से नीचे नदी में जा गिरा।
एसडीएम रविन्द्र सिंह परमार ने बताया कि रात में जलस्तर बढऩे से शिवना के पुल पर पानी था। सुबह पानी पुलिया से उतर गया था तो हल्का आवागमन हो रहा था। बाइक पर लोग 4 लोग एक साथ थे। आगे बैग भी रखा हुआ था। तभी बैलेंस बिगडऩे के कारण हादसे की आशंका है। दो लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। दो लोगों की तलाश एसडीईआरएफ टीम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *