Spread the love

इस्लामाबाद सितंबर । कराची में पाकिस्तान के एक नए शॉपिंग मॉल का उद्घाटन उद्घाटन के दिन ही लूट का शिकार हो गया। ड्रीम बाजार नाम से उद्घाटित इस मॉल को खोलने में करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे। इसे पाकिस्तान के पहले मेगा थ्रिफ्ट स्टोर के रूप में प्रचारित किया गया था और 50 पाकिस्तानी रुपये से कम कीमत पर सामान बेचने का वादा किया गया था।
शॉपिंग मॉल की उद्घाटन के दिन अप्रत्याशित भीड़ ने दरवाजों को तोड़ दिया और मॉल में अराजकता का माहौल उत्पन्न कर दिया। जब मॉल प्रशासन ने दरवाजे बंद करने की कोशिश की, तो भीड़ ने लाठी-डंडों के साथ प्रवेश द्वार को भी तोड़ डाला।
मॉल प्रशासन ने लोगों के अराजक व्यवहार पर दुख व्यक्त किया और कहा कि पाकिस्तान में सुधार की गुंजाइश तब तक नहीं है जब तक लोग हालात को नहीं समझेंगे। मॉल के मार्केटिंग हेड अनस मलिक ने बताया, हमने कराची के लोगों के फायदे के लिए यह स्टोर खोला था, लेकिन हमें अराजकता का सामना करना पड़ा।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यह सब घटनाएँ आधे घंटे के भीतर घटित हुईं। दुकान दोपहर 3 बजे खोली गई थी और 3.30 बजे तक सारा सामान चोरी हो चुका था। इस घटना के कारण कराची के जौहर और राबिया सिटी इलाकों में भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मॉल के अंदर हजारों लोग फंसे हुए नजर आ रहे हैं और कुछ लोग सामान समेटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने कपड़े चुराते हुए वीडियो भी बनाए। पुलिस का कहना है कि उन्हें मॉल प्रबंधन द्वारा पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *