बस्ती। महादेवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए पक्कवा बाजार चौराहे पर लोक निर्माण विभाग (सीडी-1) द्वारा प्रस्तावित पुल के नव निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महादेवा विधायक दूधराम ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दूधराम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से पुल निर्माण की मांग थी, जिसके पूर्ण होने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि पुल के निर्माण से स्थानीय नागरिकों, किसानों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
पुल के शुभारंभ अवसर पर मुख्य रूप से इंद्रेश चौधरी, विधायक प्रतिनिधि फूलचंद श्रीवास्तव, सुशील दुबे, पवन चौधरी, अभिषेक यादव, उमेश चौधरी, संतोष पांडेय, लोक निर्माण विभाग (सीडी-1) के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। भूमि पूजन के साथ ही पुल निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया। जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।