बस्ती। साहस, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल बनकर एवरेस्ट बेस कैंप की कठिन एवं खतरनाक यात्रा पूरी कर लौटी हिना खातून का क्लब संस्थापक राजेश चित्रगुप्त के निवास पर चित्रांश क्लब द्वारा भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं में क्लब संस्थापक राजेश चित्रगुप्त, संरक्षिका रेखा चित्रगुप्त, संयोजिका लक्ष्मी अरोरा , अध्यक्ष शेषनारायण गुप्ता, संध्या दीक्षित, प्रतिमा श्रीवास्तव, अर्चना श्रीवास्तव, महामंत्री अमित कुमार सिंह ने कहा कि हिना खातून ने विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत और दृढ़ संकल्प का परिचय देकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचना आसान नहीं होता, इसके लिए कठिन पहाड़ी रास्तों, मौसम की चुनौतियों और शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हिना की यह उपलब्धि युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान समारोह में हिना खातून ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की सबसे चुनौतीपूर्ण यात्राओं में से एक रही, लेकिन परिवार, मित्रों और समाज के सहयोग से उन्होंने इसे सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर चित्रांश क्लब के पदाधिकारी संज्ञा श्रीवास्तव, जी रहमान, दीपु श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव ‘ददुल’, रवि वर्मा, रत्नेश सहित क्लब के पदाधिकारी सदस्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने हिना खातून की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी।