बस्ती। मंगलवार को जिले में प्रिंटिंग कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “भारतीय भाइयों” की नई अत्याधुनिक प्रिंटिंग प्रेस का भव्य उद्घाटन डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय भाइयों द्वारा स्थापित यह नई प्रिंटिंग प्रेस जिले के लिए एक सराहनीय पहल है। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह यूनिट न केवल प्रिंटिंग क्षेत्र को नई दिशा देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में गुणवत्ता और गति बेहद महत्वपूर्ण हैं, और यह प्रतिष्ठान इन दोनों मानकों पर खरा उतरने की क्षमता रखता है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय भाइयों का यह प्रतिष्ठान पहले से ही पोस्टर, बैनर, फ्लैक्स प्रिंटिंग, शादी कार्ड सहित विभिन्न प्रकार की छपाई सेवाओं के लिए जिले में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उच्च गुणवत्ता और त्वरित सेवा के चलते ग्राहकों के बीच इसकी विशेष विश्वसनीयता स्थापित हुई है।
बढ़ती मांग को देखते हुए इस नई यूनिट की शुरुआत की गई है, जिसमें अत्याधुनिक मशीनों और उन्नत तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इससे अब कम समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ प्रिंटिंग कार्य संभव हो सकेगा। साथ ही ग्राहकों को एक ही स्थान पर सभी प्रकार की प्रिंटिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर ज्ञान प्रताप सिंह (पप्पू भइया) ने कहा कि यह नई पहल प्रिंटिंग कारोबार को मजबूती प्रदान करेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। वहीं प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर शिवम सिंह ने बताया कि उनका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करना है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए भारतीय भाइयों को शुभकामनाएं दीं। इस नए विस्तार से जहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं जिले के प्रिंटिंग उद्योग को भी एक नई दिशा और पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रवि सोनकर , नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा , नगर पंचायत अध्यक्ष हरैया कौशलेंद्र प्रताप सिंह , अशोक सिंह , कुमार स्वीट्स के प्रोपराइटर राजन गुप्ता , डॉ. सचिन श्रीवास्तव , विवेक श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और इस पहल की सराहना की।