बस्ती, 7 अप्रैल। बस्ती जनपद की जीवनरेखा मानी जाने वाली कुआनो नदी की बदहाल स्थिति को लेकर अब आवाज़ तेज होने लगी है। आज 7 अप्रैल को वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता मनमोहन श्रीवास्तव ‘काजू’ ने नदी की दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसके संरक्षण और विकास के लिए बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक विस्तृत कार्ययोजना के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कुआनो नदी के पुनर्जीवन की मांग की जाएगी।
मनमोहन श्रीवास्तव काजू ने बताया कि बस्ती शहर में बहने वाली यह नदी न सिर्फ प्राकृतिक धरोहर है, बल्कि इसे “बस्ती की गंगा” के रूप में भी जाना जाता है। इसके बावजूद आज इसकी हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। नदी में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसका मुख्य कारण आसपास की फैक्ट्रियों और मिलों द्वारा छोड़ा जा रहा गंदा पानी और कचरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या पर स्थानीय प्रशासन की उदासीनता भी चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्रस्तावित योजना में कुआनो नदी की सफाई, तटों का सुंदरीकरण, हरियाली विकास और नदी किनारे ग्रीन पार्क का निर्माण शामिल होगा। यह योजना न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि बस्ती शहरवासियों को एक स्वच्छ और सुंदर प्राकृतिक स्थल भी उपलब्ध कराएगी।
काजू ने आगे कहा कि कुआनो नदी का धार्मिक महत्व भी अत्यधिक है। छठ पूजा जैसे प्रमुख पर्वों पर लाखों श्रद्धालु यहां एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में नदी में गंदगी और प्रदूषण फैलाना आस्था के साथ खिलवाड़ के समान है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इसके खिलाफ व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बस्ती के नागरिकों से भी अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और नदी को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए जागरूक बनें। आने वाले समय में कुआनो नदी के संरक्षण को लेकर यह पहल एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकती है।