Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती-भीषण गर्मी को देखते हुए श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सिंह ने बच्चों, विशेषकर नवजात शिशुओं की देखभाल को लेकर अभिभावकों को महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में छोटे बच्चों में डिहाइड्रेशन, बुखार, उल्टी-दस्त और संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
डॉ. सौरभ सिंह ने कहा कि नवजात शिशुओं को तेज धूप और गर्म वातावरण से बचाकर रखें। बच्चों को हल्के सूती कपड़े पहनाएं तथा समय-समय पर स्तनपान कराते रहें, क्योंकि मां का दूध ही नवजात के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने बताया कि छह माह तक के बच्चों को मां के दूध के अलावा पानी या अन्य कोई चीज देने की जरूरत नहीं होती।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को बाहर ले जाते समय सिर को ढककर रखें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकालें। यदि बच्चे को तेज बुखार, सुस्ती, लगातार रोना, दूध न पीना, सांस लेने में दिक्कत या दस्त जैसी समस्या दिखाई दे तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
डॉ. सिंह ने कहा कि गर्मी में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बच्चों के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखें और उबला या साफ पानी ही उपयोग करें। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच बच्चों को बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाती है।
श्री कृष्णा मिशन हॉस्पिटल में नवजात एवं बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहां अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है। अस्पताल लगातार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *