बस्ती। नगर पंचायत नगर कार्यालय परिसर में नवनिर्मित ‘अटल भवन’ का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि अटल भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। अटल भवन का निर्माण नगर पंचायत क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। यह भवन जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ-साथ गांव और कस्बों का भी तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को सशक्त बनाकर सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अटल भवन के निर्माण से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनेगी।
इस क्रम में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं और अटल भवन का निर्माण उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र की जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा तथा विकास की नई संभावनाओं को भी बल देगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर पंचायत नगर के अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने सबका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत नगर कार्यालय के नवनिर्मित ‘अटल भवन’ के उद्घाटन अवसर पर मैं सभी सम्मानित अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। यह भवन नगर पंचायत के विकास और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। हमारी प्राथमिकता नगर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है। मैं विश्वास दिलाती हूं कि नगर पंचायत नगर के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हम निरंतर प्रतिबद्ध रहेंगे।
उद्घाटन अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक रवि सोनकर, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन कसौधन, जगदीश शुक्ला, अंकुर वर्मा, नगर पंचायत गायघाट के अध्यक्ष प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी उर्फ पिंटू त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख साऊघाट अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी सृष्टि सिंह, भाजपा नेता प्रमोद पांडेय, राजेश पाल चौधरी, राजकुमार शुक्ला, गिल्लम चौधरी, मोहँती दुबे, अरविंद श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, आसमान सिंह, सतीश सोनकर, महामंत्री प्रेम प्रकाश चौधरी, विजय श्रीवास्तव, चंद्रमणि मिश्रा, आशीष सिंह रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि गण, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया और नगर पंचायत के विकास कार्यों की सराहना की।