Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन पूरे कर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने पर पूरे देश में उत्साह और गौरव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि के साथ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुभाष यदुवंश के संयोजन में बस्ती जनपद के साऊंघाट ब्लॉक स्थित करण शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन तक देश का नेतृत्व कर लोकतांत्रिक भारत के इतिहास में नया अध्याय लिखा है। यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास और आकांक्षाओं की जीत है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। हम सभी भगवान भोलेनाथ से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनका नेतृत्व देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
सुभाष यदुवंश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल देशवासियों के विश्वास, सेवा और विकास की राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के उज्ज्वल एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए राष्ट्र की समृद्धि, विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमृत वर्मा, जिलामंत्री दिलीप पांडेय, मंडल अध्यक्ष कामेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *