Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय
बस्ती। बजट सत्र के दौरान विधान परिषद सदस्य  सुभाष यदुवंश ने  विधान परिषद में  बस्ती जनपद को अम्बेडकर नगर से जोड़ने वाले कलवारी-टांडा मार्ग पर एक नए आधुनिक एवं चौड़े पुल के निर्माण की मांग उठाया।
सुभाष यदुवंश  ने नियम 115 के तहत ध्यानाकर्षण करते हुये कहा कि यह पुल केवल दो जनपदों को जोड़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकर नगर, बस्ती सहित अनेक जिलों को नेपाल सीमा से जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सीमावर्ती आवागमन की दृष्टि से यह मार्ग रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।  वर्तमान में इस मार्ग पर केवल एक पुराना एवं अत्यंत संकरा पुल विद्यमान है, जिसकी चौड़ाई आज की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। भारी वाहनों, यात्री बसों, एम्बुलेंस एवं दैनिक यातायात के कारण यहां निरंतर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम नागरिकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
विधानपरिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने कहा कि यह स्थिति केवल असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि आर्थिक क्षति, समय की बर्बादी और जन-सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रश्न बन चुकी है। पूर्वांचल के संतुलित विकास, नेपाल से व्यापारिक संपर्क को सुदृढ़ करने और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए इस मार्ग पर एक नए, सुदृढ़ एवं आधुनिक पुल का निर्माण अब अत्यंत आवश्यक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *