बस्ती: जनपद बस्ती के किसान इंटर कॉलेज भानपुर में भाजपा नेता व समाजसेवी मनोज सिंह के संयोजन में आयोजित स्वर्गीय रघुनाथ सिंह एवं स्वर्गीय राजकुमार चौधरी स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य एवं सफल समापन हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गोरखपुर और सिद्धार्थनगर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गोरखपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिद्धार्थनगर को 67 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में गोरखपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 161 रनों मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सिद्धार्थनगर की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने विजेता गोरखपुर टीम को 1 लाख का नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर देते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
आयोजक भाजपा नेता व समाजसेवी मनोज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना और उनकी छुपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजक समिति, दर्शकों एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।