Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय
शस्त्र पूजन के साथ मां भारती की सेवा का संकल्प
बस्ती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ‘आरएसएस’ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर पंचायत बनकटी में शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया गया। सीडीए एकेडमी से पंखोबारी पेट्रोल पम्प तक  स्वयंसेवकों ने पथ संचलन कर राष्ट्रीय एकता, सनातन धर्म की रक्षा और आत्मरक्षा का संदेश दिया। प्रांत प्रचारक रमेश ने मां भवानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शस्त्र पूजन किया। राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत उद्बोधन ने सैकड़ों स्वयंसेवकों और नागरिकों के मन में सेवा, अनुशासन और संगठन के प्रति नई चेतना का संचार किया। पथ संचलन हुआ में  अनुशासनबद्ध पंक्तियों में बढ़ते कदमों से पूरा क्षेत्र राष्ट्र गौरव और एकता की भावना से गूंज उठा।
मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक रमेश ने कहा कि  शताब्दी वर्ष की अनुभूति हर स्वयंसेवक में नई ऊर्जा व दायित्व का बोध करा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने  2025 में अपनी स्थापना के 100 साल पूरे किए हैं।  केशव बलिराम हेडगेवार ने 27 सितंबर 1925 को विजयादशमी के दिन इसकी स्थापना की थी। वर्तमान में भारत सहित 40 से अधिक देशों में  1 करोड़ से अधिक स्वयंसेवक मां भारती की सेवा को समर्पित है। समाज में राष्ट्रप्रेम और धर्मनिष्ठा की भावना जागृत करना हम सबका उद्देश्य और लक्ष्य है जो निरन्तर गतिमान है।
जिला प्रचारक  सर्वेन्दु, नगर कार्यवाह  आशीष , जिला संघ चालक  प्रमोद, सचिदानंद, आनन्द, राजेश, विवेकानन्द,  रविचन्द्र, अंकिता, लल्लन , परमात्मा, राजेश, राम अदालत अतुल , इंद्रजीत, रोहित के साथ बड़ी संख्या में  स्वयंसेवकों ने भाग लिया।  अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पंचायत बनकटी ई.  अरविन्द पाल  ने  आभार व्यक्त करते हुये कहा कि विदेशी ताकतें भारत की संस्कृति और सनातन धर्म को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं लेकिन  केंद्र सरकार इन शक्तियों का मजबूती से मुकाबला कर रही है। संघ अपने उद्देश्य में संकल्पों के साथ निरन्तर गतिमान है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी, सीडीए एकेडमी की निदेशक डा. अरूणा सिंह पाल, निधि जायसवाल, सविता यादव के साथ ही  समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *