Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय

बस्ती। जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य प्रमोद चौधरी के नेतृत्व में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने ही पार्टी के नेता जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी और अपर मुख्य अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिला पंचायत सदस्यों ने मण्डलायुक्त से मिलकर उन्हे ज्ञापन सौपा। उनसे 24 मार्च तक जिला पंचायत बोर्ड की कार्यवाही शून्य किये जाने का आदेश देने की मांग किया। चेतावनी दिया है कि यदि कार्यवाही शून्य न किया गया तो वे मण्डलायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना, आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
मण्डलायुक्त को 22 सदस्यों के हस्ताक्षर युक्त दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि 15 फरवरी को जिला पंचायत बोर्ड की हुई बैठक में सदस्यों ने प्रस्ताव संख्या एक का मुखर विरोध किया। जिसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और अपर मुख्य अधिकारी बैठक छोड़कर चले गये। इसके बावजूद कार्यवाही को शून्य घोषित नहीं किया गया। कहा है कि बैठक में हुए विवाद और कार्यवाही को शून्य घोषित न करने की सदस्यों ने आशंका जताते हुए मण्डलायुक्त को पत्र देकर अवगत कराया, उनसे न्याय का आग्रह किया। बावजूद इसके मण्डलायुक्त के स्तर पर अभी तक प्रकरण में कोई दिशा निर्देश दिये जाने की सूचना सदस्यों के संज्ञान में नहीं है। कहा है कि इसके चलते सदस्यों के पास लोकतांत्रिक ढंग से रचनात्मक आन्दोलन, धरना प्रदर्शन, आमरण अनशन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। मण्डलायुक्त से अति शीघ्र जिला पंचायत बोर्ड की कार्यवाही को शून्य किये जाने के लिए आदेशित करने का आग्रह किया है। कहा है कि अन्यथा की स्थिति में जिला पंचायत सदस्य 25 मार्च को आयुक्त कार्याल्य के समक्ष धरना और आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
सौपे गये ज्ञापन में जिला पंचायत सदस्य प्रमोद चौधरी, ज्योति सिंह, लवकुश, सुरेश, नीरा सिंह, खुशबू जायसवाल, नौशाद अहमद, राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, सुबाष चन्द्र यादव, असलम खां, मालती सहित 22 सदस्यों के नाम शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *