Spread the love

बशिष्ठ पाण्डेय
बस्ती , 11 फरवरी। आज नगर पंचायत नगर में योग शिविर और वृद्ध जन सम्मान समारोह आयोजित हुआ। श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर के चैनपुरवा में हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि योग दिवस और वृद्ध जन सम्मान आयोजन से तन मन दोनों स्वस्थ होता है। उन्होंने कहा कि आज की भाग दौड़ के जीवन में नियमित योग और व्यायाम अत्यन्त आवश्यक है इससे स्वस्थ जीवन शैली का निर्माण सम्भव है। श्रीमती राना ने कहा कि आज पूरी दुनिया सनातन की इस प्राचीन विधा को अपना रही है। श्रीमती राना ने वार्ड के 70 वर्षीय श्रीमती पार्वती देवी और 83 वर्षीय अवधेश कुमार पाण्डेय की समारोह पूर्वक आरती उतारी, तिलक लगाया और अंग वस्त्र प्रदान कर उनको सम्मानित किया। उन्होंने वृद्ध जनों को प्रत्यक्ष ईश्वर का अंश बताते हुए कहा कि अपने बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा है। श्रीमती राना ने उपस्थित जन समुदाय विशेषकर युवाओं से कहा कि अपने वरिष्ठों का सम्मान करने से स्वयं का सम्मान बढ़ता है। ।उन्होंने नगर को देश का एक मॉडल नगर पंचायत बनाने में सभी से सहयोग की अपील किया।
इसके पूर्व योग शिक्षक परवेज मंसूरी ने सभी को योग तथा व्यायाम के तौर तरीके समझाए तो इसके फायदे भी गिनाए। कार्यक्रम का संचालन श्रुति अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर सभासद राजेश पाण्डेय राज कुमार चौधरी, कमलेश पाण्डेय,राजेश त्रिपाठी, उमेश चंद्र, मोलहू , देवेश धर द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *