Spread the love

बस्ती  सितंबर ., जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बहादुरपुर ब्लॉक में मनरेगा एवं अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने पाया कि ग्राम हथिया 2 में सी सी रोड – पिच रोड से श्री कुम्हार तक – रोड की प्रथम दृष्टया फिनिशिंग ठीक मिली। यद्यपि रोड के अन्त पर कुछ टूट फूट हो गयी थी, जिसके विषय मे निर्देशित किया गया कि इसे समय से ठीक करा लिया जाए, अन्यथा यह क्रैक आगे बढ़ कर सड़क को क्षति पहुंचा सकते हैं। दो अलग अलग स्थानों पर चौड़ाई का माप करवाया गया। दर्ज माप एवं ज्ञात माप एक समान – 3 मीटर पाए गए।
ग्राम गौशाला के निरीक्षण में पाया कि गौशाला में मुख्य भाग, खुला स्थान, चरी बोआई स्थान एवं तालाब सम्मिलित है। मुख्य भाग कंक्रीट की दीवार से घिरा है, एवं शेष भाग पिलर एवं जाल से। पृथक भागों में विभाजन से क्षेत्रफल का सदुपयोग हो पा रहा था। पर मुख्य परिसर को तालाब से जोड़ने वाले मार्ग में मिट्टी धसाव के कारण गेट टूट गया था, एवं मुख्य परिसर से बाहर की बाउंडरी भी कई जगह से टूट गयी थी। अवगत कराया गया कि नई मिट्टी पटाई के कारण भारी वर्षा में यह क्षति हुई है जिसे वर्षा उपरांत ठीक किया जाएगा। गोशाला में रखे गए 38 गोवंश स्वस्थ थे। निर्देश दिए गए कि टूट फूट की मरम्मत अक्टूबर तक करवा ली जाए। चूंकि इस गोशाला में स्थल को पृथक्कीकृत कर के भूमि के उम्दा उपयोग का नवाचार किया गया है, अतः इसे उदाहरण के रूप में प्रदर्शित किया जा सकता है। पर स्थल को सौन्दर्यीकृत करने की आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान में यह वृक्षाच्छादित नहीं है। वर्षा रहते वृक्षारोपण उचित एवं जल्दी बढ़ने वाली प्रजाति से करवाने के निर्देश हुए।
उन्होंने पाया कि रंगीलाल के घर के पास इंटरलॉकिंग कार्य – कार्य गतिमान था, एवं टाइल्स लगाने के उपरांत फिनिशिंग का कार्य चल रहा था। मस्टर रोल से यादृच्छिक आधार पर श्रमिकों का सत्यापन किया गया, जो कि ठीक पाया गया।
—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *